काशी में हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ के साथ हिंदू नव वर्ष का स्वागत, विश्व के कल्याण की कामना की
वाराणसी। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के पावन अवसर पर हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2083 का स्वागत काशी में भक्ति और उत्साह के साथ किया गया। बीएचयू स्थित विश्वनाथ मंदिर परिसर में सुबह 9 बजे सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
इस आध्यात्मिक आयोजन में विद्यार्थियों, स्थानीय नागरिकों और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। सभी ने एक स्वर में हनुमान चालीसा का पाठ कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और देश, समाज व विश्व के कल्याण की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के आयोजक डॉ. हरेंद्र कुमार राय ने बताया कि इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना और लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक एकता और जागरूकता को बढ़ावा मिलता है।
पूरे कार्यक्रम के दौरान विश्वनाथ मंदिर परिसर भक्ति और श्रद्धा से सराबोर नजर आया। सामूहिक पाठ के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था स्पष्ट रूप से दिखाई दी। उपस्थित जनसमूह ने इस आयोजन को सराहा और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।