जलमार्ग परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, IWAI अध्यक्ष ने समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
वाराणसी। वाराणसी और पूर्वांचल में जलमार्ग आधारित परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने पर जोर दिया गया। शुक्रवार को मंडलायुक्त सभागार में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) के अध्यक्ष सुशील कुमार लोहानी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में भूमि अधिग्रहण, भूमि हस्तांतरण, राजस्व अभिलेखों के सत्यापन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय सहित लंबित कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में मल्टी मॉडल टर्मिनल, रामनगर स्थित बंदरगाह को जीवनाथपुर रेलवे स्टेशन से रेल संपर्क के माध्यम से जोड़ने, सामने घाट पर क्रूज टर्मिनल, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क समेत कई प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। IWAI अध्यक्ष सुशील कुमार लोहानी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजनाओं से जुड़े सभी लंबित कार्यों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। संबंधित विभाग आपस में समन्वय स्थापित कर समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
उन्होंने वाराणसी और पूर्वांचल में जलमार्ग आधारित परिवहन को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर जोर दिया। कहा कि जल, रेल और सड़क परिवहन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से क्षेत्र में मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी को प्रभावी बनाया जा सकता है। इससे माल परिवहन के साथ लॉजिस्टिक्स और यात्री सुविधाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं के लिए भूमि संबंधी मामलों, आधारभूत संरचना के विकास और अन्य प्रक्रियाओं की वर्तमान स्थिति से अध्यक्ष को अवगत कराया। बैठक में संचालित और प्रस्तावित परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, इन परियोजनाओं के पूरा होने से वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में मल्टीमॉडल परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही लॉजिस्टिक्स, जल पर्यटन और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
बैठक में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के सदस्य (तकनीकी), मुख्य अभियंता IWAI, क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी के निदेशक समेत वाराणसी, चंदौली और मीरजापुर के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी चंदौली और पीडी एनएचएआई सासाराम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।