जल पुलिस ने नमो घाट से रविदास घाट तक चलाया चेकिंग अभियान, 15 नावें सीज, मची खलबली
वाराणसी। हाल के दिनों में हुए नाव हादसों के बाद कमिश्नरेट पुलिस अलर्ट है। एसीपी अतुल अंजाम त्रिपाठी के निर्देश पर जल पुलिस की टीम ने नमो घाट से लेकर रविदास घाट तक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मानकों की अनदेखी पाए जाने पर 15 नावों को सीज कर दिया गया। पुलिस की कार्रवाई से नाविकों में खलबली मची रही।
चेकिंग के दौरान बिना लाइफ जैकेट सेल्फी लेने, रील बनाने, कुछ यात्रियों को लाइफ जैकेट का बकल न बांधने समेत कई लापरवाहियां सामने आईं। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने अस्सी घाट से आगे बिना लाइफ जैकेट पहने सेल्फी ले रहे नाव का करीब 100 मीटर तक पीछा कर रुकवाया। वहीं कुछ दूरी पर नाव बर्थडे पार्टी मना रहे युवक-युवतियों की नाव को भी रुकवाकर सीज कर दिया गया।
एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने और बिना लाइफ जैकेट नौका विहार कराने वाले 15 नावों को सीज कर दिया गया है। नाविकों और नाव मालिकों के खिलाफ संबंधित थानों में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। उन्होंने बताया कि चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस दौरान मानकों की अनदेखी सामने आई तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।