भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए ‘वॉटर फॉर बर्ड्स’ अभियान, BHU परिसर में लगाए गए प्लाऊं
वाराणसी। तेज धूप और लगातार बढ़ते तापमान के बीच पक्षियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में एक सराहनीय और संवेदनशील पहल की गई। विश्वविद्यालय के चौरा माता मंदिर परिसर स्थित महामना की बगिया में ‘वॉटर फॉर बर्ड्स’ अभियान चलाकर पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था की गई।
इस अभियान का नेतृत्व यशवर्धन तोमर और कुंवर कीर्ति कैवल्य ने किया। उनके संयोजन में हनुमान शाखा के स्वच्छाग्रहियों ने मिलकर करीब दो दर्जन पयाऊं (जल पात्र) विभिन्न स्थानों पर स्थापित किए। इन जल पात्रों को इस प्रकार रखा गया है कि पक्षियों को आसानी से पानी उपलब्ध हो सके और उन्हें भीषण गर्मी में भटकना न पड़े।
आयोजकों ने बताया कि गर्मी के मौसम में तापमान लगातार बढ़ने से पक्षियों के सामने पानी की भारी कमी हो जाती है। शहरों में हरियाली और जल स्रोतों की कमी के कारण कई पक्षी प्यास से दम तोड़ देते हैं। ऐसे में ‘वॉटर फॉर बर्ड्स’ जैसे अभियान न केवल उन्हें राहत देते हैं, बल्कि समाज में जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश भी फैलाते हैं।
यह पहल हनुमान शाखा द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छाग्रह अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना है। इससे पहले भी स्वच्छाग्रहियों ने बीएचयू परिसर में प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाकर छात्रों और स्थानीय नागरिकों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया था।
अभियान के दौरान उपस्थित छात्र नेताओं और स्वयंसेवकों ने लोगों से अपील की कि वे भी अपने घरों, छतों, बालकनी और आसपास के खुले स्थानों पर छोटे-छोटे बर्तन या मिट्टी के पात्र में पानी भरकर रखें। यह छोटा सा प्रयास भीषण गर्मी में पक्षियों के जीवन को बचाने में बड़ी भूमिका निभा सकता है। इस अवसर पर छात्र नेता प्रशांत राय, शोध छात्र रंजीत राय, उत्कर्ष पाठक, दीपेश कुमार, दिव्यांक दुबे और केशरी नंदन सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।