वार्ड प्रवास : दक्षिणी विधानसभा के सभी 24 वार्डों में पहुंचे विधायक नीलकंठ तिवारी, 40 दिन में कराये 500 काम, लोगों से पूछ रहे- ‘कोई आदेश हौ, कोई काम हौ’
वाराणसी। शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के 76 दिवसीय वार्ड प्रवास और स्वच्छता अभियान के गुरुवार को 40 दिन पूरे हो गए। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र के सभी 24 वार्डों में पहले चरण का प्रवास पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण में 16 वार्डों का दोबारा भ्रमण किया जा चुका है। विधायक के मुताबिक इन 40 दिनों में पटरी, नाली, सीवर, पेयजल, गली पिट, स्ट्रीट लाइट और पार्क से जुड़े करीब 500 छोटे-बड़े काम कराए गए हैं। 40वें दिन चेतगंज वार्ड में स्वच्छता, पौधरोपण और जनसंवाद के साथ कार्यक्रम आयोजित हुआ।
सेनपुरा से स्वच्छता अभियान की शुरुआत
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 7:30 बजे सेनपुरा मोहल्ले से स्वच्छता अभियान के साथ वार्ड प्रवास की शुरुआत हुई। इसके बाद विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान नगर निगम, जलकल और विद्युत विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। क्षेत्र में सफाई, सड़क, नाली, सीवर, पेयजल और बिजली से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली गई और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए गए।
‘कोई आदेश हौ, कोई काम हौ’ पूछते हुए घर-घर पहुंचे विधायक
वार्ड भ्रमण के दौरान विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी लोगों से बनारसी अंदाज में संवाद करते नजर आए। वे घर-घर पहुंचकर लोगों से पूछते रहे, ‘कोई आदेश हौ, कोई काम हौ।’ लोगों की ओर से बताई गई छोटी-बड़ी समस्याओं को मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों के सामने रखा गया और उनका समाधान कराने को कहा गया। भ्रमण के बाद चौपाल लगाकर स्थानीय लोगों से अनौपचारिक बातचीत भी की गई।
सेनपुरा पार्क में लगाए पांच पौधे, सुंदरीकरण के लिए विधायक निधि
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सेनपुरा पार्क में पांच पौधे लगाए गए। इस दौरान क्षेत्रीय लोगों ने पार्क के सुंदरीकरण की मांग विधायक के सामने रखी। विधायक ने इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पार्क के सुंदरीकरण के लिए विधायक निधि से आवश्यक धनराशि अवमुक्त करने की बात कही। वार्ड प्रवास के दौरान प्रतिदिन पांच पौधे लगाने को भी अभियान का हिस्सा बनाया गया है।
बारिश और उमस के बीच लगातार 40 दिन चला अभियान
डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बताया कि 19 जुलाई से शुरू हुआ वार्ड प्रवास 2 अक्टूबर तक चलेगा। इस बार अभियान कुल 76 दिनों का है। उन्होंने बताया कि बीते चार वर्षों से शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में वार्ड प्रवास और स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष बारिश, भीषण गर्मी, तेज धूप और उमस के बावजूद कार्यक्रम लगातार जारी है। पहले 40 दिनों में सभी 24 वार्डों का एक बार भ्रमण पूरा करने के बाद अब दूसरे दौर का प्रवास चल रहा है।
40 दिनों में करीब 500 काम कराने का दावा
विधायक के अनुसार वार्ड प्रवास के दौरान स्वच्छता और पौधरोपण के साथ स्थानीय लोगों की समस्याएं और सुझाव भी लिए जा रहे हैं। इन 40 दिनों में पटरी, नाली, सीवर, पेयजल, गली पिट, स्ट्रीट लाइट, पार्क समेत विभिन्न सुविधाओं से जुड़े करीब 500 कार्य कराए जा चुके हैं। उनका कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में उनके समाधान की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाना है।
हर रविवार सरकारी योजनाओं का कैंप
76 दिवसीय अभियान में प्रत्येक रविवार अलग-अलग स्थानों पर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के कैंप भी लगाए जा रहे हैं। अब तक छह रविवार को छह कैंप लगाए जा चुके हैं। विधायक के मुताबिक इन शिविरों में पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत किट और पीएम स्वनिधि योजना के चेक लाभार्थियों को वितरित किए गए हैं। इसके साथ ही अन्य सरकारी योजनाओं के लिए भी सैकड़ों लोगों का पंजीकरण कराया गया है।
500 लोगों की आंखों की जांच, 100 से अधिक को मुफ्त चश्मे
वार्ड प्रवास के दौरान आयोजित कैंपों में स्वास्थ्य सुविधाओं को भी शामिल किया गया है। अब तक करीब 500 लोगों का नेत्र परीक्षण कराया गया है और 100 से अधिक लोगों को नि:शुल्क चश्मे वितरित किए गए हैं। विधायक के अनुसार आगामी रविवारों को भी अलग-अलग स्थानों पर ऐसे शिविर लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का सिलसिला जारी रहेगा।
वार्ड प्रवास कार्यक्रम में भाजपा के मंडल अध्यक्ष, पार्षद, पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही स्थानीय लोग भी शामिल रहे। 19 जुलाई से शुरू हुआ यह अभियान गांधी जयंती यानी 2 अक्टूबर को पूरा होगा।