वोट चोर, गद्दी छोड़ महारैली में वाराणसी से जुटेंगे कांग्रेसजन: रघु शर्मा

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व सांसद रघु शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए पार्टी की ओर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ महारैली में वाराणसी से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। मंगलवार को पराड़कर स्मृति भवन में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
 

पराड़कर स्मृति भवन में पत्रकार वार्ता कर चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल, एक नवंबर को दिल्ली में होगी महारैली

वाराणसी। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व सांसद रघु शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए पार्टी की ओर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ महारैली में वाराणसी से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। मंगलवार को पराड़कर स्मृति भवन में पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

वाराणसी में महारैली के पर्यवेक्षक रघु शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा वोट चोरी और संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग के जरिए सत्ता में बनी हुई है। उन्होंने कहा कि वाराणसी में भी चुनावी प्रक्रिया और परिणामों को लेकर उठे सवालों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों में मतदाताओं की संख्या में कथित अचानक वृद्धि का मुद्दा उठाते हुए पारदर्शी मतदाता सूची की आवश्यकता बताई।

चुनाव आयोग की स्वतंत्रता बहाल करने की मांग
रघु शर्मा ने कहा कि चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और विश्वसनीयता लोकतंत्र की बुनियाद है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव, वर्ष 2023 के कानून और चुनाव आयुक्तों को मिले कानूनी संरक्षण पर सवाल उठाए। कांग्रेस की मांग है कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से जुड़े सवालों का पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाए, ताकि चुनावी प्रक्रिया पर जनता का भरोसा बना रहे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस और इंडिया गठबंधन मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठा रहे हैं। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत देशभर में जनजागरण किया जा रहा है।

एक नवंबर की रैली में भागीदारी की अपील
रघु शर्मा ने कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से महारैली को सफल बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि वाराणसी से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन दिल्ली पहुंचेंगे। पीसीसी पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक भगवती प्रसाद चौधरी, जिलाध्यक्ष राजेश्वर सिंह पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, राघवेंद्र प्रताप सिंह, चंचल शर्मा, रोहित दुबे, परवेज खान, मो. उजैर, विनीत चौबे और आयुष पटेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।