सारनाथ में तथागत बुद्ध के पवित्र अस्थि अवशेषों का दर्शन शुरू, देश-विदेश से उमड़े श्रद्धालु

सारनाथ स्थित मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर में भगवान बुद्ध के पवित्र अस्थि अवशेषों का दर्शन रविवार से आम श्रद्धालुओं के लिए शुरू हो गया। महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से मंदिर के 95वें वार्षिकोत्सव पर तीन दिवसीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। पहले दिन देश-विदेश से पहुंचे हजारों बौद्ध भिक्षुओं और अनुयायियों ने भगवान बुद्ध के अस्थि अवशेषों के दर्शन कर सुख और शांति की अनुभूति की। कार्तिक पूर्णिमा तक प्रतिदिन सुबह छह से 11 बजे तक श्रद्धालु अस्थि अवशेषों के दर्शन कर सकेंगे।
 

मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर का 95वां वार्षिकोत्सव तीन दिवसीय समारोह, कार्तिक पूर्णिमा तक सुबह छह से 11 बजे तक होंगे दर्शन

वाराणसी। सारनाथ स्थित मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर में भगवान बुद्ध के पवित्र अस्थि अवशेषों का दर्शन रविवार से आम श्रद्धालुओं के लिए शुरू हो गया। महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से मंदिर के 95वें वार्षिकोत्सव पर तीन दिवसीय समारोह आयोजित किया जा रहा है। पहले दिन देश-विदेश से पहुंचे हजारों बौद्ध भिक्षुओं और अनुयायियों ने भगवान बुद्ध के अस्थि अवशेषों के दर्शन कर सुख और शांति की अनुभूति की। कार्तिक पूर्णिमा तक प्रतिदिन सुबह छह से 11 बजे तक श्रद्धालु अस्थि अवशेषों के दर्शन कर सकेंगे।

रविवार सुबह छह बजे महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया के महासचिव पी. शिवली थेरो के नेतृत्व में भगवान बुद्ध के पवित्र अस्थि अवशेषों को आमजन के दर्शन के लिए निकाला गया। सबसे पहले बौद्ध भिक्षुओं ने धम्म सुत्त पाठ किया। इसके बाद अस्थि अवशेषों को मंदिर परिसर के मध्य बने सिंहासन पर विराजमान किया गया। सर्वप्रथम बौद्ध संघ के सदस्यों ने दर्शन किए। इसके बाद आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू कराए गए।

थाईलैंड, वियतनाम, कंबोडिया, श्रीलंका, जापान, भूटान, तिब्बत, नेपाल और म्यांमार सहित भारत के विभिन्न राज्यों से आए हजारों बौद्ध भिक्षुओं और उपासकों ने दर्शन किए। मंदिर को विविध रंगों के फूलों से सजाया गया था और परिसर में पंचशील के झंडे लहरा रहे थे।

समारोह के तहत शाम को मृगदाव स्थित बोधि वृक्ष के लिए कठिन चीवर दान पूजा आयोजित की गई। वहीं, बौद्ध अनुयायियों ने मूलगंध कुटी विहार के श्रीलंकाई मंदिर परिसर में पांच हजार दीप जलाए। इस दौरान जापानी मंदिर के केयरटेकर कान्जन के नेतृत्व में जापानी परंपरा के अनुसार शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा जापानी बौद्ध मंदिर से शुरू होकर मूलगंध कुटी बौद्ध विहार परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें जापानी नृत्य करते हुए अनुयायी शामिल हुए। कार्यक्रम में भिक्षु सुमिता नंद थेरो सहित अन्य बौद्ध भिक्षु मौजूद रहे।