गंगा में बीयर पीने का वीडियो वायरल, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, गिरफ्तारी को टीम रवाना
वाराणसी। गंगा में बिरयानी और शराब पार्टी के बाद अब गंगा स्नान के दौरान बीयर पीने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो में युवक गंगा स्नान के दौरान बीयर पीता दिख रहा है। आरोपी के खिलाफ दशाश्वमेध थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी बिहार निवासी युवक की गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना हो चुकी है।
वायरल वीडियो में युवक गंगा स्नान के दौरान हाथ में केन लेकर बीयर पीता दिख रहा है। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस एक्शन में आई। एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी युवक की पहचान कर ली गई है। उसके खिलाफ दशाश्वमेध थाना में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कमिश्नरेट पुलिस की टीम बिहार रवाना हो चुकी है।
ज्ञात हो कि पहले भी गंगा में खाने के बाद हड्डियां फेंकने और शराब पीने का वीडियो वायरल हो चुका है। आएदिन सामने आ रही इस तरह की घटनाओं से काशीवासियों में आक्रोश गहराता जा रहा है।