उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री का वाराणसी दौरा, शहर के कई इलाकों में रूट डायवर्जन, घर से निकलने से पहले पढ़ लें एडवाइजरी
वाराणसी। उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के 28 नवंबर को वाराणसी आगमन, भ्रमण और प्रस्थान के मद्देनजर कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। वीवीआईपी दौरे के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, रोडवेज और निजी बसों के रूट में भी बदलाव किया गया है। यातायात व्यवस्था सुबह नौ बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक लागू रहेगी। ऐसे में घर से निकलने से पहले वाहन चालकों को निर्धारित डायवर्जन की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।
बसों के आवागमन में बदलाव
बाबतपुर पुलिस चौकी तिराहे से सुबह नौ बजे के बाद भारी और हल्के वाहनों को एयरपोर्ट तिराहे की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को बड़ागांव की ओर डायवर्ट किया जाएगा। हरहुआ ओवरब्रिज से रोडवेज और निजी बसों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन बसों को हरहुआ रिंग रोड चौराहे से परमपुर मार्ग की ओर भेजा जाएगा।
जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ की ओर से आने वाली बसें हरहुआ रिंग रोड अंडरपास तक ही आ सकेंगी। इसके बाद उन्हें परमपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। चंदौली, प्रयागराज, सोनभद्र और मिर्जापुर से आने वाली बसों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। इन बसों को ठिकाना ढाबा, मोहनसराय से वापस किया जाएगा। भदोही से आने वाली बसें परमपुर और सजोई अंडरपास से वापस होंगी। वहीं, अखरी की ओर से आने वाली बसों को भिखारीपुर तिराहे की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें मोहनसराय और डाफी की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
शहर के प्रमुख मार्गों पर प्रतिबंध
वीवीआईपी के आगमन और प्रस्थान के दौरान हरहुआ, तरना, कज्जाकपुरा और कैंट ओवरब्रिज पर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। गोदौलिया से मैदागिन के बीच सभी प्रकार के वाहनों का संचालन बंद रहेगा। पुलिस लाइन से चौकाघाट, लहुराबीर से मैदागिन और चौकाघाट से गोलगड्डा होते हुए सूजाबाद-पड़ाव तक ऑटो और ई-रिक्शा नहीं चलेंगे।
बीएचयू चौराहे से बीएचयू परिसर और सुंदरपुर की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को रविदास गेट और रामा सेंटर तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा।
ऑटो और ई-रिक्शा के लिए समय निर्धारित
कैंट रेलवे स्टेशन से बीएचयू के बीच लहरतारा और भिखारीपुर मार्ग पर सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन बंद रहेगा। वहीं, बीएचयू से भिखारीपुर होते हुए मंडुवाडीह स्टेशन तक सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक ऑटो और ई-रिक्शा नहीं चलेंगे।
शास्त्री चौक, रामनगर से सुबह 11 बजे के बाद चार पहिया और मालवाहक वाहनों को बीएचयू की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को टेंगरा मोड़ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। अति आवश्यक होने पर ही निजी वाहन लेकर निकलें तथा यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें।
जरूरी संपर्क नंबर
• ट्रैफिक कंट्रोल रूम: 7839856994
• ट्रैफिक हेल्पलाइन: 7317202020