वाराणसी में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का बड़ा सम्मेलन, वेद कुमार सिंह बने जिलाध्यक्ष, अजय त्रिपाठी महामंत्री, भ्रष्टाचार और शोषण के खिलाफ भरी हुंकार, दिखाई एकजुटता
वाराणसी। इंग्लिशिया लाइन स्थित भारतीय शिक्षा मंदिर में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले आयोजित सभा में शिक्षकों ने भ्रष्टाचार और शोषण के खिलाफ जोरदार आवाज उठाई। इस दौरान सर्वसम्मति से जिला कार्यकारिणी का गठन करते हुए वेद कुमार सिंह को जिलाध्यक्ष और अजय त्रिपाठी को जिला महामंत्री चुना गया।
शिक्षकों का आरोप—कार्यालयों में भ्रष्टाचार चरम पर
सभा को संबोधित करते हुए संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुधांशु शेखर त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षा विभाग के कार्यालयों में भ्रष्टाचार चरम पर है और शिक्षकों का मानसिक व आर्थिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि शिक्षक अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष करें।
कानूनी बदलाव के बाद बढ़ा शोषण
उन्होंने बताया कि माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड अधिनियम 1982 की धारा 18 और 21 समाप्त होने के बाद शिक्षकों की समस्याएं और बढ़ गई हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन के संघर्ष से शिक्षकों को पुनः पेंशन, सेवा सुरक्षा और अन्य अधिकार मिलेंगे।
जिला कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन
सभा में महेंद्र कुमार सिंह को कोषाध्यक्ष और सुरेश यादव को आय-व्यय निरीक्षक चुना गया। इसके अलावा उपाध्यक्ष पद पर गिरीश कुमार सिंह, जितेंद्र श्रीवास्तव, कृष्णानंद राय और श्रीराम कुमार वर्मा का चयन हुआ।
संयुक्त मंत्री के रूप में अरविंद कुमार राय, दुर्गा प्रसाद सिंह, जयप्रकाश और सुलाब सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं कार्यकारिणी सदस्य के रूप में विवेक सिंह, अमलेन्द्र कुमार शर्मा, विमल त्रिपाठी, कृष्णकांत पांडे, हरिशंकर यादव, सर्वेश पांडे, शिवपूजन सिंह, सुरेश चौरसिया, संतोष मौर्य, सत्येंद्र सिंह, रामदुलार सिंह, विजय कुमार त्रिपाठी, अनिल कुमार सहित कई शिक्षकों को शामिल किया गया।
वरिष्ठ शिक्षकों ने किया संबोधन
कार्यक्रम में रेवती रमण शर्मा, डॉ. समीर कुमार श्रीवास्तव, अरविंद कुमार सिंह, डॉ. निर्भय नारायण राय, जयप्रकाश सिंह और गिरीश कुमार सिंह सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
सैकड़ों शिक्षकों की मौजूदगी, संगठन को मिली मजबूती
सभा में सैकड़ों शिक्षक मौजूद रहे, जिससे संगठन की मजबूती और एकजुटता साफ नजर आई। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिनेश कुमार तिवारी ने की, जबकि संचालन अजय कुमार रेड्डी ने किया।