VDA ने बनाया कमाई का नया रिकॉर्ड, 11 महीने में 500 करोड़ राजस्व वसूला
वाराणसी। विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने नवंबर 2025 से सितंबर 2026 के बीच करीब 500 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित कर नया रिकॉर्ड बनाया है। प्राधिकरण के इतिहास में यह अब तक का सर्वाधिक राजस्व बताया गया है। इससे पहले वीडीए की वार्षिक आय करीब 120 करोड़ रुपये के आसपास रही थी। ऐसे में एक वर्ष से भी कम अवधि में सामान्य वार्षिक आय की तुलना में करीब चार गुना अधिक राजस्व जुटाया गया।
राजस्व में इस वृद्धि में भवन मानचित्रों की स्वीकृति की अहम भूमिका रही। इस अवधि में भवन मानचित्र स्वीकृति में करीब 250 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसमें नए भवनों के मानचित्रों की मंजूरी के साथ पूर्व निर्मित भवनों के मानचित्रों का कंपाउंडिंग के जरिए नियमितीकरण भी शामिल है।
नवंबर 2025 से सितंबर 2026 के बीच कुल 1,952 भवन मानचित्रों को स्वीकृति दी गई। इनमें 1,073 कंपाउंडिंग मानचित्र और 879 नए ऑनलाइन भवन मानचित्र शामिल हैं। इसके अलावा 93 ले-आउट, 22 ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं और 39 होटल परियोजनाओं को भी मंजूरी मिली।
प्राधिकरण के अनुसार लंबे समय से अनुपयोगी अथवा अतिक्रमण की स्थिति में रहे भूमि पार्सलों के निस्तारण से भी राजस्व में इजाफा हुआ है। वहीं होटल और ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं की स्वीकृति से शहर में रियल एस्टेट, पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र में निजी निवेश की गतिविधियों का भी संकेत मिलता है।