शिवपुर स्टेशन पर वरूणा एक्सप्रेस का ठहराव, क्षेत्रवासियों को सहूलियत
वाराणसी। वरुणा पार क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। लंबे समय से की जा रही स्थानीय नागरिकों की मांग अब पूरी हो गई है। ट्रेन संख्या 20401 वाराणसी–लखनऊ वरुणा एक्सप्रेस का ठहराव अब शिवपुर रेलवे स्टेशन पर भी होगा। यह निर्णय क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के प्रयास और केंद्र सरकार के सहयोग से संभव हो सका है।
प्रदेश सरकार के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल के सतत प्रयासों से यह सुविधा शिवपुर क्षेत्र को मिली है। इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिशा-निर्देश तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की सहमति के बाद रेलवे प्रशासन ने ठहराव को मंजूरी दी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 6 फरवरी, शुक्रवार को प्रातः 5:45 बजे शिवपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री रविन्द्र जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और वरुणा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी तथा क्षेत्रीय नागरिक भी मौजूद रहेंगे।
यही ट्रेन संख्या 20402 लखनऊ से वाराणसी लौटते समय भी शिवपुर स्टेशन पर रुकेगी, जिससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को विशेष सुविधा मिलेगी। अब वरुणा पार क्षेत्र के लोगों को वाराणसी कैंट या अन्य बड़े स्टेशनों तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी।
स्थानीय नागरिकों ने इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सरकार के प्रति आभार जताया है। माना जा रहा है कि इस ठहराव से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और शिवपुर रेलवे स्टेशन की उपयोगिता भी बढ़ेगी।