वाराणसी के संतोष यादव को मिली बड़ी जिम्मेदारी, अंडर-17 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय बालिका टीम के मैनेजर व कोच बने
वाराणसी। जिले के युवा कुश्ती प्रशिक्षक संतोष कुमार यादव को अंडर-17 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय बालिका कुश्ती टीम का मैनेजर एवं कोच नियुक्त किया गया है। भारतीय कुश्ती संघ द्वारा दी गई इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी की सूचना मिलते ही खेल प्रेमियों, पहलवानों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने इसे वाराणसी और पूर्वांचल के लिए सम्मानजनक उपलब्धि बताया है।
भारतीय कुश्ती संघ ने आगामी एशियाई प्रतियोगिता के लिए संतोष कुमार यादव के अनुभव और खेल के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें टीम के साथ जोड़ने का निर्णय लिया है। गुरुवार को भारतीय दल वियतनाम के लिए रवाना हो गया, जहां 31 मई तक विभिन्न देशों के खिलाड़ियों के बीच प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। भारतीय टीम से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
संतोष कुमार यादव वाराणसी जिले के चौबेपुर क्षेत्र स्थित अजांव गांव के निवासी हैं। साधारण परिवार से आने वाले संतोष यादव ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर कुश्ती के क्षेत्र में विशेष पहचान बनाई है। वे लंबे समय से युवा पहलवानों को प्रशिक्षण देने का कार्य कर रहे हैं और कई खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा चुके हैं। खेल के प्रति अनुशासन, समर्पण और प्रशिक्षण की बेहतर शैली के कारण उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कुश्ती के दम पर ही संतोष यादव ने भारतीय सेना में नौकरी हासिल की थी। अब राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह नई जिम्मेदारी उनके खेल जीवन की बड़ी उपलब्धियों में गिनी जा रही है। गांव और क्षेत्र के लोगों ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उनकी नियुक्ति पर भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह बबलू, पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं सांसद करण भूषण शरण सिंह तथा महासचिव सुरेश चंद्र उपाध्याय ने शुभकामनाएं दीं। वहीं वाराणसी कुश्ती संघ के जिलाध्यक्ष राजीव सिंह रानू, महासचिव राजकुमार मिश्रा समेत कई वरिष्ठ पहलवानों और प्रशिक्षकों ने भी संतोष यादव की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया।