बारिश में नहीं डूबेंगी बनारस की सड़कें, महापौर व नगर आयुक्त ने नाला सफाई कार्यों का किया निरीक्षण, दिए निर्देश 

आगामी मानसून सीजन को देखते हुए जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम सक्रिय हो गया है। सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहर के विभिन्न वार्डों का दौरा कर नाला सफाई और ड्रेनेज व्यवस्था का जायजा लिया।
 

वाराणसी। आगामी मानसून सीजन को देखते हुए जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम सक्रिय हो गया है। सोमवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहर के विभिन्न वार्डों का दौरा कर नाला सफाई और ड्रेनेज व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कंदवा-19, सुसुवाही-39 और करौंदी-33 वार्डों में चल रहे सफाई कार्यों की जमीनी स्थिति परखी। महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून से पहले सभी छोटे-बड़े नालों की तली झाड़ सफाई पूरी कर ली जाए, ताकि बरसात में जलभराव की स्थिति न उत्पन्न हो।

निरीक्षण की शुरुआत चितईपुर क्षेत्र से हुई, जहां मुख्य मार्ग के बड़े नाले और गांव के भीतर की ड्रेनेज लाइन का निरीक्षण किया गया। इसके बाद टीम कंचनपुर पोखरी पहुंची, जहां पूर्व में किए गए वृक्षारोपण कार्य की स्थिति का जायजा लिया गया। मीरानगर एक्सटेंशन में नाले की स्थिति, शिव नगर कॉलोनी में मियावाकी पद्धति से विकसित हो रहे जंगल और निर्माणाधीन पार्क का भी निरीक्षण किया गया।

अधिकारियों ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके बाद टीम कंदवा मुख्य मार्ग पर पहुंची, जहां सड़क किनारे बनी गहरी नालियों की सफाई व्यवस्था की समीक्षा की गई।

सुसुवाही वार्ड के आनंदपुरम कॉलोनी में नाला सफाई की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं विश्वकर्मा नगर में बन रही आरसीसी सड़क और सुसुवाही स्थित वृंदावन पोखरे के सुंदरीकरण कार्य का निरीक्षण कर तय समय-सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।

इस दौरान क्षेत्रीय पार्षद सुरेश पटेल, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, जोनल अधिकारी इंद्र विजय, जोनल स्वच्छता अधिकारी गजेंद्र सिंह सहित सिविल, जलकल विभाग के अधिकारी और उद्यान विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।