वाराणसी : युवक की संदिग्ध परिस्थियों में मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, थाने के किया घेराव 

मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खगरामपुर गांव निवासी दीपक चौहान (38) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को थाने का घेराव किया। मृतक के पिता त्रिवेणी चौहान समेत दर्जनों ग्रामीणों ने दीपक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी ने उचित जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद ग्रामीण और परिजन वापस लौट गए।
 

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खगरामपुर गांव निवासी दीपक चौहान (38) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को थाने का घेराव किया। मृतक के पिता त्रिवेणी चौहान समेत दर्जनों ग्रामीणों ने दीपक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी ने उचित जांच और कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद ग्रामीण और परिजन वापस लौट गए।

मृतक के पिता त्रिवेणी चौहान का आरोप है कि दीपक की पत्नी का गांव के ही एक युवक से कथित संबंध था। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तनाव रहता था और दीपक भी परेशान रहता था। परिजनों ने आशंका जताई कि पत्नी और उसके कथित प्रेमी ने दीपक को जहरीला पदार्थ देकर उसकी जान ले ली। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की जांच कर रही है।

परिजनों के मुताबिक, दीपक दूसरे प्रदेशों में निर्माण स्थलों पर मजदूरी करता था। वह त्योहार मनाने के लिए ओडिशा से अपने गांव लौटा था। बीते गुरुवार की शाम वह किसी काम से बाजार जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक अचेत होकर गिर पड़ा। आसपास के लोगों और परिजनों की मदद से उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दीपक की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। वह दो भाइयों में बड़ा था और उसकी 14 वर्षीय बेटी है। पिता और अन्य परिजनों का कहना है कि मौत की परिस्थितियां संदिग्ध हैं, इसलिए मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए। थाना प्रभारी के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की वजह स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है। परिजनों की ओर से दी गई तहरीर और लगाए गए आरोपों को भी जांच में शामिल किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।