वाराणसी : रसोई गैस महंगाई के खिलाफ नरिया वार्ड में प्रदर्शन, महिलाओं और बच्चों ने भी उठाई आवाज

लंका क्षेत्र स्थित नरिया वार्ड में रविवार को रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और सिलेंडर की कथित किल्लत के विरोध में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। इस विरोध कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व पार्षद कमल पटेल ने किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और स्थानीय निवासी शामिल हुए और हाथों में तख्तियां लेकर महंगाई के खिलाफ नारेबाजी की।
 

वाराणसी। लंका क्षेत्र स्थित नरिया वार्ड में रविवार को रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और सिलेंडर की कथित किल्लत के विरोध में स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। इस विरोध कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व पार्षद कमल पटेल ने किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और स्थानीय निवासी शामिल हुए और हाथों में तख्तियां लेकर महंगाई के खिलाफ नारेबाजी की।

वार्डवासियों ने सरकार से रसोई गैस की कीमतों में कमी करने और सिलेंडर की आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की। लोगों का कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों का घरेलू बजट बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। खासकर रसोई गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी ने आम लोगों के लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल कर दिया है।

प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने अपनी समस्याएं साझा करते हुए बताया कि गैस सिलेंडर न केवल महंगा हो गया है, बल्कि समय पर उपलब्ध भी नहीं हो पा रहा है। इसके कारण घर के दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं ने कहा कि महंगाई का सीधा असर परिवार की रसोई पर पड़ रहा है।

इस दौरान समाजवादी पार्टी की बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष ने भी प्रदर्शन को संबोधित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद आम जनता को समय-समय पर विभिन्न समस्याओं को लेकर परेशान होना पड़ रहा है। उनका कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों की आर्थिक स्थिति को कमजोर कर दिया है।

पूर्व पार्षद कमल पटेल ने कहा कि यदि गैस की कीमतों और आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यही हालात बने रहे तो वर्ष 2027 के चुनाव में जनता अपने मताधिकार के माध्यम से सरकार को जवाब दे सकती है। प्रदर्शन में अशोक राजभर, गुड़िया देवी, पूजा, सुकन्या, रिया, गणेश सोनकर, सूरत सोनकर, राजू पटेल और विनोद राजभर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।