वाराणसी : अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती से कई बार किया दुष्कर्म, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग, आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवती को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बार-बार शारीरिक संबंध बनाने, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और पीड़िता व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। सिगरा पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को अमूल डेयरी के पास से पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज मौर्या (28) पुत्र प्रकाश मौर्या के रूप में हुई है। उसका स्थायी पता मंडुवाडीह क्षेत्र में है, जबकि वह वर्तमान में सिगरा थाना क्षेत्र स्थित अन्नपूर्णा नगर कॉलोनी में रह रहा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सिगरा थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 394/2026 में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(va) के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ मंडुवाडीह और भेलूपुर थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, छेड़छाड़, धमकी, पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म जैसी गंभीर धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी का आपराधिक इतिहास भी दर्ज किया है। कार्रवाई करने वाली टीम में सिगरा थाना प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक शिवम चौधरी तथा आरक्षी प्रभाकर सिंह यादव और मनीष कुमार गोंड शामिल रहे।