वाराणसी : महिला को गलत रास्ते पर ले जाकर रैपिडो चालक ने की छेड़खानी, पुलिस ने किया गिरफ्तार, साथी फरार
वाराणसी। लंका थाना पुलिस ने महिला को गुमराह कर गलत रास्ते पर ले जाने, छेड़खानी करने और विरोध करने पर अभद्रता करने के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी रैपिडो चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में उसके साथी की तलाश कर रही है।
पकड़ा गया रैपिडो चालक राहुल यादव मऊ जिले के हलधरपुर थाना के नगवा गांव का निवासी है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, 8 जुलाई 2026 को पीड़िता ने लंका थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी थी। आरोप है कि रैपिडो चालक और उसके साथी ने उसे निर्धारित मार्ग के बजाय गलत रास्ते पर ले जाने का प्रयास किया। विरोध करने पर दोनों ने अश्लील और अभद्र भाषा का प्रयोग किया तथा पीड़िता के साथ छेड़खानी की।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि घटना के बाद दोनों आरोपियों ने पीड़िता का पीछा किया। जब पीड़िता के पिता मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। साथ ही घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों के कार्य में भी बाधा पहुंचाने का प्रयास किया गया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर लंका थाने में मुकदमा संख्या 326/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना महिला उपनिरीक्षक पुष्पा सिंह पटेल कर रही हैं।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार दबिश दे रही है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।