वाराणसी : अपार्टमेंट में महिला ने फांसी लगाकर दी जान, पति की पहले ही हो चुकी है मौत, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र के नेवादा स्थित हनुमंत कृपा अपार्टमेंट में गुरुवार को अनुराधा तिवारी (35 वर्ष) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उनका बेटा युवराज तिवारी घर पर मौजूद था। कमरे का दरवाजा बंद होने पर युवराज ने खिड़की से झांककर देखा तो उसकी मां फंदे से लटकी हुई थीं। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं घटना की जांच में जुटी रही।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को पीआरबी के माध्यम से सूचना मिली कि संतुष्टि अस्पताल के पास नेवादा स्थित हनुमंत कृपा अपार्टमेंट के एक मकान में महिला ने आत्महत्या कर ली है। सूचना पर चितईपुर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान अनुराधा तिवारी, पत्नी स्वर्गीय धनंजय तिवारी, निवासी प्रथम तल, हनुमंत कृपा अपार्टमेंट, संतुष्टि अस्पताल के पास नेवादा के रूप में हुई।
मृतका के बेटे ने पुलिस को बताया कि उसकी मां ने कब फांसी लगाई, इसकी उसे जानकारी नहीं है। उसने बताया कि मां के कमरे का दरवाजा बंद था। काफी देर तक खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उसने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो मां फंदे से लटकी हुई थीं। यह देखकर वह घबरा गया। किसी तरह दरवाजा खोलकर कमरे में पहुंचा और मां को फंदे से नीचे उतारकर बेड पर लिटाया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और कमरे की जांच की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवराज ने पुलिस को बताया कि उसकी मां अनुराधा पिछले कई दिनों से अवसाद में थीं। वह ठीक से बातचीत नहीं करती थीं और खाना भी सही तरीके से नहीं खा रही थीं। हालांकि गुरुवार को अचानक ऐसा कदम उठाने के पीछे क्या कारण रहा, इसकी जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं है।
अनुराधा के पति धनंजय तिवारी की पूर्व में ही मौत हो चुकी है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ ही परिजनों से पूछताछ की है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की पड़ताल कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।