वाराणसी : मोबाइल चलाने से मना करने पर युवती ने फांसी लगाकर दी जान, परिजनों में मचा कोहराम, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। सिगरा थाना के लल्लापुरा स्थित मकान के कमरे में युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं घटना की छानबीन में जुटी रही। बताया जा रहा कि मां ने मोबाइल चलाने पर डांटा, इससे नाराज होकर युवती ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
पुलिस के अनुसार डायल 112 पर मकान मालिक रोहित पटेल ने फोनकर सूचना दी कि उनके लल्लापुरा स्थित मकान में किराये पर रहने वाले हनुमान चौरसिया की पुत्री पूजा चौरसिया (19 वर्ष) ने फांसी लगाकर जान दे दी। उन्होंने पुलिस को बताया कि पहले युवती ने मां सविता चौरसिया से किसी बात को लेकर बहस की। इसके बाद नाराज होकर आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। मृतका चार भाई-बहन में तीसरे नंबर पर थी और कक्षा पांचवीं तक ही पढ़ी थी। घटना के बाद परिजनों को गहरा सदमा लगा है।