वाराणसी : हादसे में महिला की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने बाबतपुर-चौबेपुर मार्ग पर किया चक्काजाम

चोलापुर थाना क्षेत्र के घुरवट गांव में सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद गुरुवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने घुरवट-राजापुर के पास बाबतपुर-चौबेपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
 

टाटा सफारी की टक्कर से गई इंद्रावती देवी की जान, पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचा शव तो परिजनों ने शुरू किया विरोध, घुरवट-राजापुर के पास सड़क पर बैठे ग्रामीण

सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करने जा रहे परिजनों को पुलिस ने रोका तो घर पर ही शुरू किया विरोध, मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के घुरवट गांव में सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद गुरुवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने घुरवट-राजापुर के पास बाबतपुर-चौबेपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

ग्राम सभा घुरवट निवासी इंद्रावती देवी उर्फ नयका सड़क किनारे पैदल जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार टाटा सफारी (UP 65 BX 9222) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। टक्कर के बाद अनियंत्रित सफारी सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। गंभीर हालत में घायल महिला को बचाया नहीं जा सका और उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। गुरुवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब शव घर पहुंचा तो परिजन मुआवजे की मांग को लेकर शव के साथ सड़क पर प्रदर्शन करने जा रहे थे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इससे नाराज परिजनों ने घर पर ही शव रखकर विरोध शुरू कर दिया।

कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीण भी परिजनों के समर्थन में पहुंच गए। इसके बाद घुरवट-राजापुर के पास बाबतपुर-चौबेपुर मार्ग पर जाम लगा दिया गया। ग्रामीण मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे थे। सड़क जाम होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।