वाराणसी: स्कूल से बेटे को छोड़कर लौट रही महिला को रोडवेज बस ने कुचला, मौत, मचा कोहराम
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के शुद्धिपुर स्थित होटल आद्रिका (रोटी ढाबा) के सामने मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
शिवपुर के अशोक विहार कॉलोनी निवासी आकांक्षा श्रीवास्तव, पत्नी राहुल श्रीवास्तव सुबह करीब 7 बजे वह अपने बेटे को संत अतुलानंद स्कूल छोड़कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान शुद्धिपुर स्थित होटल आद्रिका के सामने सड़क पार करते समय वाराणसी से जौनपुर की ओर जा रही एक रोडवेज बस की चपेट में आ गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार और अनियंत्रित थी। चालक ने महिला को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर एकत्र हो गई। पुलिस ने लोगों को शांत कराते हुए यातायात को सामान्य कराया और बस को अपने कब्जे में ले लिया। महिला की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। शिवपुर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा फरार बस चालक की तलाश शुरू कर दी है।