वाराणसी : होटल में महिला ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, अकेले आई थी बनारस
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के जानकी बाग कॉलोनी के एक होटल में महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस दरबारा तोड़कर कमरे में घुसी और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मृतका के परिजनों को सूचित करने के साथ ही घटना की छानबीन में जुटी रही। बिहार निवासी महिला अकेले बनारस आई थी।
बिहार के समस्तीपुर निवासी महिला शिवानी चौबे पत्नी विनयशंकर चौबे (27 वर्ष) अकेले बनारस आई थी। वह लंका क्षेत्र के एक होटल में ठहरी हुई थी। होटल के कर्मचारियों को तब जानकारी हुई जब कमरे में कोई हलचल नहीं हुई। संदेह होने पर होटल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी।
कमरे के अंदर महिला का शव दुपट्टे के सहारे फांसी के फंदे से लटका हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतका के पति और भाई से संपर्क कर सूचना दी। मृतका के पति घटना की जानकारी होते ही वाराणसी के लिए रवाना हो गए। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया। पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले, ताकि घटना के पीछे कारणों का पता लगाया जा सके।