वाराणसी : बांस को लेकर विवाद बना हिंसक, महिला और मासूम पुत्र से मारपीट, 10 पर मुकदमा
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के करधना गांव में साझा बांस की कोठी काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि विरोध करने पर एक महिला और उसके नौ वर्षीय पुत्र के साथ मारपीट की गई, जिससे दोनों घायल हो गए। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने 10 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
करधना गांव निवासी निर्मला देवी पत्नी जैश्री गोड़ ने मिर्जामुराद थाने में दी गई शिकायत में बताया कि उनके पट्टीदार रामकुमार, कमलेश कुमार तथा अन्य लोग साझा स्वामित्व वाली बांस की कोठी को काट रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उनकी बात सुनने के बजाय विवाद शुरू कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि विरोध बढ़ने पर आरोपितों ने अपने अन्य रिश्तेदारों और परिचितों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी लोगों ने मिलकर गाली-गलौज की और विवाद को हिंसक रूप दे दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला कर निर्मला देवी की पिटाई कर दी, जिससे उन्हें सिर समेत शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आईं।
घटना के दौरान अपनी मां को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे उनके नौ वर्षीय पुत्र पंकज गोड़ को भी नहीं बख्शा गया। आरोप है कि हमलावरों ने बच्चे के साथ भी मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। मां-बेटे के घायल होने से परिवार में भय और तनाव का माहौल बन गया।
बताया जाता है कि यह घटना शुक्रवार दोपहर लगभग तीन बजे हुई। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद पीड़िता द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर मिर्जामुराद पुलिस ने शुक्रवार रात 10 नामजद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।