वाराणसी : पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रही युवती और पिता की सड़क हादसे में मौत, युवक गंभीर रूप से घायल
वाराणसी। पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रही युवती और उसके पिता की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस मामले की जांच कर फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार फूलपुर थाना क्षेत्र के वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर बुधवार सुबह करीब छह बजे यह हादसा हुआ। कोदोपुर, रामनगर निवासी 64 वर्षीय पृथ्वीनाथ अपनी पुत्री 20 वर्षीय आंचल को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए मुगलसराय कोतवाली के कटेसर निवासी 23 वर्षीय दिनेश के साथ बाइक से जा रहे थे। पिंडरा बाईपास पर पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पृथ्वीनाथ और आंचल सड़क पर गिर गए और ट्रक की चपेट में आ गए। वहीं दिनेश बाइक बाइक समेत दूर जा गिरा।
ट्रक की चपेट आने से पृथ्वीनाथ और आंचल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दिनेश को अस्पताल में भर्ती कराया गया।