वाराणसी : दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित करने का आरोप, पति समेत तीन पर मुकदमा

लंका थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता ने अपने पति, सास और ससुर पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस आयुक्त के निर्देश के बाद लंका थाने में पति सहित तीन लोगों के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
 

वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता ने अपने पति, सास और ससुर पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस आयुक्त के निर्देश के बाद लंका थाने में पति सहित तीन लोगों के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

सामनेघाट स्थित मारुति नगर मलहिया निवासी सुमेधा पांडेय ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी करीब दो वर्ष पूर्व ककरमत्ता निवासी अभिनव पांडेय के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुई थी। विवाह समारोह में उसके मायके पक्ष द्वारा लगभग 25 लाख रुपये नकद सहित लाखों रुपये खर्च किए गए थे। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति अभिनव पांडेय, ससुर नरेंद्र पांडेय और सास नीलम पांडेय ने अतिरिक्त 25 लाख रुपये मायके से लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया।

पीड़िता के अनुसार जब उसने अतिरिक्त रकम लाने में असमर्थता जताई, तो ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया। आरोप है कि उसे लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जाने लगा और कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई। विवाहिता का कहना है कि उसे अपमानित कर घर से निकालने की धमकी दी जाती थी। लगातार प्रताड़ना और तनाव के कारण उसकी स्थिति बिगड़ती चली गई।

सुमेधा पांडेय ने बताया कि उसने परिवार के स्तर पर कई बार मामले को सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन ससुराल पक्ष का रवैया नहीं बदला। अंततः परेशान होकर उसने मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।

थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।