वाराणसी में अब घर बैठे मिलेगा मुफ्त पौधा और ट्री-गार्ड, नगर निगम कराएगा पौधारोपण, शहरवासी बनेंगे पालक
वाराणसी। काशी को फिर से हराभरा और उसके प्राचीन स्वरूप ‘आनंद-कानन’ के रूप में विकसित करने की दिशा में नगर निगम ने नई पहल शुरू की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर नगर निगम अब शहरवासियों को नि:शुल्क पौधा और ट्री-गार्ड उपलब्ध कराएगा। खास बात यह है कि पौधा लगाने से लेकर उसके लिए गड्ढा खोदने और ट्री-गार्ड लगाने तक की जिम्मेदारी भी निगम की टीम निभाएगी।
सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में शुक्रवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि शहर का कोई भी नागरिक अपनी कॉलोनी, मोहल्ले, पार्क या घर के आसपास पौधा लगवाने के लिए नगर निगम से संपर्क कर सकता है। एक पौधे और ट्री-गार्ड पर करीब 2740 रुपये का खर्च नगर निगम स्वयं वहन करेगा। पौधे की देखभाल के लिए संबंधित व्यक्ति को ‘पालक’ के रूप में दर्ज किया जाएगा, ताकि पौधे के संरक्षण की जिम्मेदारी तय की जा सके।
महापौर ने बताया कि इस वर्ष ट्री-गार्ड के साथ 25 हजार नए पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पिछले वर्षों में लगाए गए पौधों के संरक्षण के भी सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। वर्ष 2024-25 में लगाए गए आठ हजार पौधों में 5543 पौधे जीवित हैं। वहीं 2025-26 में लगाए गए 20 हजार पौधों में से 19269 पौधे सुरक्षित हैं।
अब तक उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 10305 पौधे लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा रोहनिया में 6713, कैंट में 6236 और दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में 4746 पौधे ट्री-गार्ड के साथ रोपे गए हैं। उपवन योजना के तहत सारंग तालाब भीटा में 35 हजार और कंचनपुर अखाड़ा पार्क में 15 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं। नए वित्तीय वर्ष में शहर के सभी आठ जोनों में 25 हजार ट्री-गार्ड लगाने और अगले दो वर्षों तक उनके रखरखाव के लिए 7.45 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सारंग तालाब में मियावाकी पद्धति से सघन वन विकसित करने के लिए 1.29 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि नागरिक ‘स्मार्ट काशी ऐप’ के माध्यम से भी पौधे के लिए पंजीकरण करा सकते हैं। आवेदन में वार्ड संख्या, मोहल्ला या कॉलोनी, मकान नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद निगम की टीम आवेदक के घर या बताए गए स्थान पर पहुंचकर पौधा लगाएगी। नगर निगम की ओर से मौलश्री, अमलतास, नीम, अर्जुन, पीपल, पाकड़, बरगद और गुलमोहर जैसी छायादार एवं पारंपरिक प्रजातियों के पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। निगम का लक्ष्य नागरिकों की भागीदारी से काशी में हरियाली का विस्तार करना है।