वाराणसी : बीमारी छिपाकर कराई शादी, एचआईवी संक्रमण का पता चला तो पत्नी ने तोड़ा रिश्ता, दर्ज कराई एफआईआर
वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर पति की गंभीर बीमारी की जानकारी छिपाकर शादी कराने और बाद में उत्पीड़न का आरोप लगाया है। विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मऊ निवासी युवक की शादी दो फरवरी 2024 को मंडुवाडीह थाना क्षेत्र की युवती से हुई थी। शादी के कुछ माह बाद युवक की तबीयत खराब रहने लगी। उपचार के बावजूद स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने जांच कराने की सलाह दी। जांच में युवक के एचआईवी संक्रमित होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पत्नी और उसके मायके वालों को मामले की जानकारी हुई।
विवाहिता का आरोप है कि शादी से पहले पति और उसके परिवार ने उसकी बीमारी के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी थी। उसके पिता ने विवाह से पहले लड़के के परिवार और कुंडली आदि की जानकारी जुटाई थी, लेकिन एचआईवी जांच नहीं कराई गई थी। बीमारी की जानकारी सामने आने के बाद विवाहिता ने ससुराल में रहने से इनकार कर दिया और रिश्ता खत्म करने का फैसला लिया।
महिला ने ससुराल पक्ष पर उसके साथ मारपीट और उत्पीड़न करने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि बीमारी छिपाकर शादी किए जाने से उसका वैवाहिक जीवन प्रभावित हुआ और उसे मानसिक परेशानी झेलनी पड़ी। मंडुवाडीह थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि शिकायत के आधार पर पति समेत ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।