वाराणसी: डांस को लेकर भिड़े बाराती और घराती, पुलिस की मौजूदगी में पूरी हुईं शादी की रस्में
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के नयापुर (बौड़रिया) गांव में शनिवार रात एक शादी समारोह उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब द्वारपूजा के दौरान नाचने को लेकर बारातियों और घरातियों के बीच विवाद शुरू हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिससे शादी की रस्में बीच में ही रुक गईं और समारोह स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस की मौजूदगी में शादी की रस्में पूरी कराई गईं।
नयापुर गांव निवासी नंदू गौतम की पुत्री का विवाह समारोह शनिवार रात आयोजित था। बारात के स्वागत के बाद द्वारपूजा की रस्में चल रही थी। इसी दौरान डीजे पर नाचने को लेकर दोनों पक्षों के कुछ युवकों में बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला बढ़ गया और धक्का-मुक्की के साथ मारपीट शुरू हो गई।
हंगामे के कारण शादी समारोह में मौजूद महिलाएं और बच्चे घबरा गए। विवाद बढ़ने पर कुछ समय के लिए शादी की सभी रस्में रोक दी गईं। माहौल तनावपूर्ण होते देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पीआरबी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास शुरू किया।
पुलिस ने काफी देर तक समझाने-बुझाने और बातचीत के जरिए दोनों पक्षों को शांत कराया। बाद में गांव के संभ्रांत लोगों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया। इसके बाद शादी समारोह दोबारा शुरू कराया गया और दूल्हा-दुल्हन की वैवाहिक रस्में विधिवत संपन्न कराई गईं।
रात में ही सिंदूरदान की रस्म पूरी होने के बाद माहौल सामान्य हो गया। शादी सकुशल संपन्न होने पर दोनों पक्षों ने राहत की सांस ली। रविवार सुबह दूल्हा दुल्हन को लेकर खुशी-खुशी विदा हुआ।