Varanasi Weather: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते मौसम में उतार-चढ़ाव, तीन दिन आंधी के साथ भारी बारिश का अलर्ट
वाराणसी। भीषण गर्मी से जूझ रहे बनारसवासियों को आने वाले दिनों में राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने 28, 29 और 30 मई को वाराणसी समेत पूर्वांचल में तेज आंधी और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। तीन दिनों तक मौसम खराब रह सकता है। बारिश से तापमान में गिरावट आएगी। वहीं गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह बदलाव आया है। विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 28 से 30 मई के बीच तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है।
मंगलवार सुबह छह बजे तक शहर में आर्द्रता 30 प्रतिशत रही, जो दोपहर तक बढ़कर 40 प्रतिशत तक पहुंच गई। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री कम 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने को कहा है।