Varanasi Weather: वाराणसी में बदला मौसम, चार डिग्री नीचे आया पारा, दो दिन बारिश का ऑरेंज अलर्ट
वाराणसी। मई की शुरुआत आंधी-बारिश और खुशनुमा मौसम के साथ हुई थी। उस दौरान गुलाबी ठंड जैसा महसूस हो रहा था। हालांकि पहले सप्ताह के बाद गर्मी तेजी से बढ़ी और तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। पिछले तीन-चार दिनों तक तापमान 44-45 डिग्री के आसपास बना रहा। मई की विदाई के वक्त भी मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा। तापमान में 4 से 5 डिग्री तक गिरावट देखी जा रही है। वहीं 29 और 30 मई को तेज आंधी के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
बुधवार को वाराणसी का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो औसत से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक था। बुधवार को दिन में तेज धूप खिली। इससे तापमान 40 से ऊपर पहुंचा, लेकिन शाम के वक्त तेज गति से चली पुरवा हवा के चलते वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने से तापमान लगभग 5 डिग्री नीचे लुढ़क गया। इससे लोगों को गर्मी और तपिश से राहत मिली। हालांकि उमस ने परेशान किया।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 28, 29 और 30 मई को तेज आंधी और बारिश के आसार हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने 29 और 30 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट के आसार हैं।