Varanasi Weather: वाराणसी में बदला मौसम, 29 मिलीमीटर बारिश, तीन दिन अलर्ट 

सप्ताह भर बाद बुधवार को शहर में बारिश के साथ दिनभर तेज धूप और उमस झेलने के बाद शाम को मौसम सुहाना हो गया। करीब 30 मिनट में ही पारा तेजी से लुढ़ककर 30 डिग्री से 26 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। शहर के कई इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने 26 सितंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। 
 

वाराणसी। सप्ताह भर बाद बुधवार को शहर में बारिश के साथ दिनभर तेज धूप और उमस झेलने के बाद शाम को मौसम सुहाना हो गया। करीब 30 मिनट में ही पारा तेजी से लुढ़ककर 30 डिग्री से 26 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। शहर के कई इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने 26 सितंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। 

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को विद्यापीठ क्षेत्र में सर्वाधिक 29.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। चोलापुर में 23.5, मिर्जापुर में 22.5 और हरहुआ में 15 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा चिरईगांव में 14, बड़ागांव में 11 और सेवापुरी में आठ मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

बारिश के बाद तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। काशी में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री कम 32.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री ऊपर 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि गुरुवार और शुक्रवार को हल्की बारिश के साथ यलो अलर्ट है। शनिवार तक भी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के दौरान हवा 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। बारिश और हवा के कारण तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।