Varanasi Weather: तीखी धूप के बाद बदला मौसम, कई इलाकों में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी और बारिश, जानिये आगे के मौसम का हाल
वाराणसी। शुक्रवार को वाराणसी में सुबह तीखी धूप निकली। इससे गर्मी और तपिश से लोग परेशान दिखे। हालांकि दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और तेज हवा के साथ बूंदाबांदी और बारिश शुरू हो गई। इससे तपिश से निजात मिली, लेकिन उमस जारी रही। रात में भी कई इलाकों में बारिश हुई। इससे गर्मी से राहत मिली। अगले एक-दो दिनों तक मौसम का ऐसा ही हाल रहेगा। शनिवार की सुबह भी धूप-छांव का खेल जारी रहा।
शुक्रवार को वाराणसी में सुबह से ही तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। दिन चढ़ने के साथ गर्मी का असर बढ़ता गया और अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तेज धूप के कारण लोग परेशान रहे।
हालांकि, शाम करीब चार बजे के बाद मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाएं चलने लगीं और जिले के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली। मौसम में आए इस बदलाव से वातावरण सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, रात का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। विभाग ने फिलहाल वाराणसी जिले के लिए बारिश को लेकर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर मौसम में बदलाव की स्थिति बनी रह सकती है।