Varanasi Weather: दिन में तीखी धूप से तपा बनारस, 43.3 डिग्री पर पहुंचा पारा, रात में बारिश से 4 डिग्री गिरा पारा 

मानसून के बिहार और पश्चिम बंगाल की सीमा तक पहुंचने के साथ ही पूर्वांचल के मौसम में बदलाव के संकेत दिखाई देने लगे हैं। मंगलवार को वाराणसी में दिन भर तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल रखा। अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक रहा। हालांकि, देर रात हुई बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
 

वाराणसी। मानसून के बिहार और पश्चिम बंगाल की सीमा तक पहुंचने के साथ ही पूर्वांचल के मौसम में बदलाव के संकेत दिखाई देने लगे हैं। मंगलवार को वाराणसी में दिन भर तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल रखा। अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक रहा। हालांकि, देर रात हुई बारिश और तेज हवाओं के चलते तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

मंगलवार रात करीब 9:45 बजे सारनाथ, पांडेयपुर, रोहनिया, कचहरी रोड, शिवपुर, लोहता, चौबेपुर, पिंडरा, लालपुर, भेलूपुर, चेतगंज और आदमपुर समेत कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। कुछ स्थानों पर बिजली चमकने और गरज के साथ वर्षा दर्ज की गई। बारिश के बाद लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून मंगलवार को बंगाल और बिहार की सीमा तक पहुंच गया है। अनुकूल परिस्थितियां बनी रहीं तो 20 जून या उसके बाद किसी भी समय मानसून वाराणसी में प्रवेश कर सकता है। विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक जिले में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। साथ ही 14 जून तक बिजली चमकने के साथ गरज-चमक वाली बारिश होने की चेतावनी भी दी गई है।

बारिश और तेज हवाओं का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा। मलदहिया क्षेत्र में दोपहर के समय बिजली गुल होने के बाद रात में भी कई क्षेत्रों में आपूर्ति बाधित रही। सुंदरपुर, दुर्गाकुंड, रथयात्रा, खोजवा, महमूरगंज, पांडेयपुर, ककरमत्ता, भिखारीपुर और डीएलडब्ल्यू सहित कई इलाकों में बार-बार बिजली कटौती हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में चौबेपुर, कछवा, लोहता और रोहनिया के कुछ हिस्सों में भी विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही।