Varanasi Weather: वाराणसी में मानसून की पहली बारिश, दो दिनों में 60 मिलीमीटर बरसात, तपिश और उमस से राहत
वाराणसी। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार बनारस में मानसून की दस्तक हुई। लगभग 10 दिनों की देरी से पहुंचे मानसून ने झमाझम बारिश कराई। दो दिनों में लगभग 60 मिलीमीटर बारिश हुई। इससे न्यूनतम तापमान गिरकर 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश के बाद तपिश और गर्मी से काफी हद तक राहत मिली है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले दो दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दो दिन बाद एक बार फिर अच्छी बारिश के आसार बन रहे हैं। फिलहाल मानसून सामान्य गति से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए येलो अलर्ट और आगामी तीन दिनों के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। साथ ही तीन से चार जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
गुरुवार सुबह करीब 10 मिनट तक हुई तेज बारिश के बाद निकली धूप ने उमस बढ़ा दी, लेकिन बादलों की आवाजाही और रुक-रुककर हो रही बारिश से मौसम सुहाना बना हुआ है। इस दौरान हवा की गति लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटा रही और आर्द्रता का स्तर 95 प्रतिशत तक पहुंच गया।