Varanasi Weather:  वाराणसी में आज और कल आंधी-बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते वाराणसी में सोमवार और मंगलवार को आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इसको लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के चलते तापमान और नीचे जा सकता है। 
 

वाराणसी। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते वाराणसी में सोमवार और मंगलवार को आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इसको लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के चलते तापमान और नीचे जा सकता है। 

रविवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और बीच-बीच में धूप निकलने के बावजूद तापमान में बढ़ोतरी नहीं हुई। अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य के आसपास रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटों में तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है।

तेज हवाओं का असर गंगा में नाव संचालन पर भी देखने को मिला। रविवार दोपहर बाद अचानक हवा की गति बढ़ने से सुरक्षा के मद्देनजर नाव संचालन बंद कर दिया गया। पुलिस और प्रशासन ने घाटों पर मौजूद नाविकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। जल पुलिस द्वारा गंगा में गश्त बढ़ा दी गई है और यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष निगरानी रखी जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पूर्वी और मध्य हिस्सों में चक्रवाती स्थिति बनने के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। इसके चलते वाराणसी समेत आसपास के जिलों में तेज हवाएं और बारिश की संभावना बनी हुई है। मई माह में आमतौर पर अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है, लेकिन इस बार मौसम अपेक्षाकृत ठंडा बना हुआ है।