Varanasi Weather : वाराणसी में आंधी के साथ बूंदाबांदी के आसार, 60 किमी प्रति घंटे तक चलेगी हवा, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
वाराणसी। मौसम विभाग ने वाराणसी सहित पूर्वांचल क्षेत्र में तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, तेज हवाओं के साथ आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। यह अलर्ट विशेष रूप से शुक्रवार के लिए जारी किया गया है, हालांकि बदलते मौसम के कारण परिस्थितियों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम होकर 37.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 3.9 डिग्री कम होकर 21.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में इस बदलाव से लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर खुले स्थानों पर खड़े रहने, पेड़ों और कमजोर संरचनाओं के पास जाने से बचने की हिदायत दी गई है। तेज हवाओं के कारण बिजली आपूर्ति और यातायात भी प्रभावित हो सकता है। प्रशासन ने भी स्थिति पर नजर बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने की बात कही है।