Varanasi Weather: दीपावली से ही मौसम ने ली करवट, 16.4 डिग्री पर पहुंचा रात का पारा, कोहरे के आसार
वाराणसी। काशी में दिवाली के साथ ही मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। दिन में धूप के बावजूद सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ने लगा है। वाराणसी में एक दिन पहले अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 16.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इससे सुबह और देर रात मौसम में ठंडक महसूस की गई।
सोमवार की सुबह आसमान में हल्की धुंध छाई रही। दृश्यता घटकर करीब 1000 मीटर रह गई। सुबह की हवा में ठंडक घुलने से लोगों को सर्दी का अहसास हुआ। रात में भी 10 बजे के बाद ठंड बढ़ने लगी है। सुबह जल्दी घरों से निकलने वाले लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, वायुमंडलीय स्थिरता के चलते प्रदेश में धुंध बढ़ने से सुबह हल्का कोहरा पड़ने की संभावना है। प्रदेश में कहीं-कहीं मौसम साफ नहीं रहने के कारण दिन के तापमान में भी मामूली गिरावट हो सकती है। वहीं कई इलाकों में मौसम साफ रहने से सामान्य से अधिक तापमान रह सकता है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आगामी दो से तीन दिनों के दौरान धुंध बढ़ने के साथ दिन के तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है। सुबह और रात की ठंडक में धीरे-धीरे इजाफा होने के आसार हैं।