Varanasi Weather: दो दिन लगातार बारिश से औसत से 9 डिग्री नीचे काशी का पारा, धूप खिलने से राहत, जानिये आगे के मौसम का हाल
वाराणसी। चक्रवाती तूफान अर्णब के प्रभाव से हुई लगातार बारिश ने काशी में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। दो दिनों की बारिश के बाद अधिकतम तापमान गिरकर 22.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से 9.1 डिग्री कम है। तापमान में गिरावट के साथ ही काशी में ठंड का एहसास बढ़ गया है। शनिवार की सुबह धूप खिलने से लोगों को थोड़ी राहत मिली है। हालांकि आसमान में बादलों की आवाजाही से धूप-छांव का खेल जारी है। अगले पांच दिनों तक कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, लगातार बारिश के चलते अक्टूबर में तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया। चक्रवाती तूफान अर्णब के प्रभाव से बीते दो दिनों में वाराणसी में करीब 50 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आई, जबकि न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम में अचानक आए बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, सुबह और शाम के समय ठंडक का असर बढ़ गया है।
अगले पांच दिनों तक कोई अलर्ट नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, काशी में अगले पांच दिनों तक किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। ऐसे में मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।
बारिश ने किसानों की बढ़ाई मुश्किलें
बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में तैयार धान की फसल की कटाई और मड़ाई का काम प्रभावित हुआ है। बारिश के चलते कई स्थानों पर कटाई रोकनी पड़ी है, जबकि खेतों में खड़ी धान की फसल गिर गई है। इससे फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। खेतों और खलिहानों में पानी भरने से किसानों के सामने उपज को सुरक्षित रखने की चुनौती भी खड़ी हो गई है। मौसम की मार से जहां आम लोगों को ठंडक का एहसास हो रहा है, वहीं किसानों के लिए यह बारिश परेशानी का सबब बन गई।