Varanasi Weather: बढ़ने लगा पुरवा हवा का जोर, अगले सप्ताह दस्तक देगा मानसून, झमाझम बारिश के आसार
वाराणसी। पिछले 10 दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को अगले सप्ताह राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पूर्वा हवाओं का दबाव बढ़ने से मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं और इसके चलते अगले सप्ताह वाराणसी में मानसून के प्रवेश की संभावना जताई जा रही है। वाराणसी में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि मौसम की यह स्थिति मानसून के अनुकूल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शुरुआती दिनों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। शनिवार को भी दिनभर तेज धूप और उमस के कारण लोग परेशान रहे। सुबह से ही चिलचिलाती धूप ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। वहीं रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिली। पूर्वा हवा का प्रभाव बढ़ने से मौसम में बदलाव के संकेत जरूर मिले, लेकिन उमस के कारण लोगों की परेशानी बनी रही।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस अधिक 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 30.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून के आगमन के साथ तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।