Varanasi Weather : पछुआ हवा से बढ़ा ठंड का असर, शाम ढलते ही बढ़ी गलन, जानिये आगे के मौसम का हाल
वाराणसी। बनारस में मंगलवार को मौसम ने एक बार फिर करवट ली। दिन में धूप निकलने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन शाम होते-होते तेज पछुआ हवाओं के चलने से ठंड में इजाफा हो गया। लगभग 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली पछुआ हवाओं ने लोगों को फिर से सर्दी का अहसास करा दिया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते ठंड बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, दिन के समय तापमान सामान्य से कुछ अधिक रहा, लेकिन हवाओं के प्रभाव से वातावरण में ठंडक बढ़ गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। हालांकि, तेज हवाओं के कारण तापमान बढ़ने के बावजूद ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया।
पछुआ हवाओं के चलने से सुबह और देर शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई। खुले इलाकों और गंगा घाटों पर सर्द हवा का असर साफ नजर आया। लोग दिन में जहां धूप का आनंद लेते दिखे, वहीं शाम ढलते ही गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। मौसम में आए इस बदलाव से खासकर बुजुर्गों और बच्चों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत महसूस की गई।
मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण आने वाले दिनों में भी ठंडी हवाओं का दौर जारी रह सकता है। इससे तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रहेगा। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन सुबह-शाम ठंड का असर आगे भी बना रह सकता है।