Varanasi Weather : तापमान में उतार-चढ़ाव, गिरेगा पारा, जानिये आगे के मौसम का हाल
वाराणसी। इस समय मौसम में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। मंगलवार को अधिकतम तापमान औसत से अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान औसत से नीचे रहा। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के आसार हैं। ठंड और कोहरा का प्रकोप बढ़ेगा। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री से बढ़कर 25.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे यानी 10 डिग्री सेल्सियस पर रहा। दोपहर में ठंड का असर नहीं रहा। हालांकि शाम ढलते ही सर्दी ने असर दिखाना शुरू कर दिया।
मौसम विशेषज्ञों ने बताया कि अगले पांच-छह दिनों में तापमान में गिरावट के आसार हैं। पारा नीचे जाएगा और ठंड बढ़ेगी। ठंड और कोहरा का प्रकोप देखने को मिल सकता है। चिकित्सकों ने लोगों को सर्दी में सावधानी बरतने की सलाह दी है।