Varanasi Weather: दिन में धूप और उमस ने किया बेहाल, रात में बारिश, जानिये आगे के मौसम का हाल 

काशी में सोमवार को मौसम का मिजाज दिनभर गर्म और उमस भरा रहा, लेकिन देर रात हुई तेज बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई। इससे पहले सोमवार को दिन में दो बार हल्की बारिश भी हुई, हालांकि इसका असर तापमान पर ज्यादा देर तक नहीं रहा। दो दिन बाद मानसून के फिर एक्टिव होने और झमाझम बारिश के आसार हैं। 
 

वाराणसी। काशी में सोमवार को मौसम का मिजाज दिनभर गर्म और उमस भरा रहा, लेकिन देर रात हुई तेज बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई। इससे पहले सोमवार को दिन में दो बार हल्की बारिश भी हुई, हालांकि इसका असर तापमान पर ज्यादा देर तक नहीं रहा। दो दिन बाद मानसून के फिर एक्टिव होने और झमाझम बारिश के आसार हैं। 

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को वाराणसी में अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से शाम करीब चार बजे तक तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। इसके बाद मौसम में बदलाव आया और देर रात तेज बारिश हुई।

बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने के साथ लोगों को उमस से भी राहत मिली। हालांकि दिनभर बादलों और धूप की आंख-मिचौली के बीच वातावरण में नमी बनी रही। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि 11 और 12 अगस्त के दौरान प्रदेश में बारिश में कमी आने की संभावना है। इसके बाद 13 अगस्त से पूर्वांचल में एक बार फिर मानसूनी बारिश में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। मौसम में बदलाव के चलते आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।