Varanasi Weather: धूप के बीच अचानक चली आंधी, 5 डिग्री लुढ़का पारा, जानिये कैसा रहेगा आगे का मौसम 

मंगलवार को तेज धूप के बीच दोपहर में मौसम ने अचानक करवट ली और धूल भरी आंधी शुरू हो गई। कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। 45 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही नमीयुक्त पुरवा हवाओं से तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। इससे गर्मी से लोगों को राहत मिली। फिलहाल एक-दो दिन तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। 
 

वाराणसी। मंगलवार को तेज धूप के बीच दोपहर में मौसम ने अचानक करवट ली और धूल भरी आंधी शुरू हो गई। कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। 45 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही नमीयुक्त पुरवा हवाओं से तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। इससे गर्मी से लोगों को राहत मिली। फिलहाल एक-दो दिन तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। 

मौसम विभाग के अनुसार आंधी और बूंदाबांदी के बाद अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से घटकर 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री कम दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। तेज हवाओं के चलते शहर और ग्रामीण इलाकों में कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर गिर गईं।

शाम 6 बजकर 14 मिनट पर एनडीएएफएस (मौसम पूर्वानुमान प्रणाली) ने अगले 3 घंटों के भीतर गरज-चमक के साथ बारिश और 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई। इसके बाद लोगों ने संभावित बारिश को लेकर तैयारी शुरू कर दी।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में चक्रवाती परिस्थितियां बनने की संभावना है, जिसके प्रभाव से चार से छह जून के बीच बादल छाने और बारिश होने के आसार बढ़ गए हैं। ऐसे में वाराणसी समेत आसपास के जिलों के लोगों को जल्द ही भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।