Varanasi Weather: आंधी ने दिलाई भीषण गर्मी से राहत, 10 डिग्री तक गिरा तापमान, गरज-चमक के साथ बारिश का यलो अलर्ट
वाराणसी। पिछले एक पखवारे से भीषण गर्मी झेल रहे काशीवासियों को आंधी ने राहत दिलाई। आंधी और नम हवा के झोंकों के चलते तापमान में लगभग 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। तापमान 39 डिग्री से लुढ़ककर 29 डिग्री पर पहुंच गया। इससे तपिश से राहत मिली। हालांकि उमसभरी गर्मी अभी परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने 29 अप्रैल से 1 मई के बीच गरज-चमक के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
दरअसल, अप्रैल के दूसरे पखवारे में गर्मी चरम पर पहुंच गई थी। वाराणसी में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया। ऐसे में लोग गर्मी और तपिश से बेहाल हो गए। रविवार को अचानक मौसम ने करवट ली। सोमवार की शाम भी आंधी चली। इसके चलते गर्मी से काफी राहत मिली। तापमान में लगभग 10 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई। इससे लोगों को गर्मी से काफी राहत महसूस हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिला है। वाराणसी समेत पूर्वांचल के इलाकों में आंधी और हल्की बारिश के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।