Varanasi Weather: आग बरसा रहा आसमान, 45 डिग्री के करीब तापमान, तीन दिन लू का रेड अलर्ट
वाराणसी। गर्मी इस समय कहर बरपा रही है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं। वहीं रातें भी गर्म हो रही हैं। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल पा रही है। बीच-बीच में पुरवा हवा का जोर तपिश को थोड़ा कम कर रहा, लेकिन उमस बढ़ने से लोग बेहाल हो जा रहे हैं। मौसम विभाग ने 24 से 26 मई तक वाराणसी समेत आसपास के इलाकों में लू का रेड अलर्ट जारी किया है। उसके बाद अगले सप्ताह का लू का यलो अलर्ट रहेगा। गर्मी और लू को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
शुक्रवार को वाराणसी में तेज धूप और गर्म पछुआ हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दिन के समय गर्म हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यदि पछुआ हवाओं की गति और बढ़ती है तो गर्मी का असर और अधिक गंभीर हो सकता है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी 35 प्रतिशत तक रही, जिससे उमस भी लोगों को परेशान करती रही।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले सप्ताह तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव फिलहाल कमजोर पड़ गया है, जिसके कारण पछुआ हवाएं लगातार गर्मी बढ़ा रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि यह लू लंबे समय तक चल सकती है और इसका असर दिन के साथ-साथ रात में भी महसूस किया जाएगा। भीषण गर्मी का असर गंगा घाटों पर भी देखने को मिल रहा है। रात में भी घाटों पर गर्म हवा और उमस के कारण लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। गर्म दीवारों और बिजली कटौती की वजह से कई लोग देर रात तक घाटों और पार्कों में समय बिताने को मजबूर हैं।