Varanasi Weather: वाराणसी में भीषण गर्मी, उमस ने किया बेहाल, पारा 47 डिग्री पहुंचने के आसार
वाराणसी। मई के दूसरे पखवारे में काशी भीषण गर्मी से तप रही है। तीखी धूप और लू के साथ ही नमीयुक्त पुरवा हवाओं से ऐसी उमस हो रही कि लोगों के पसीने छूट रहे हैं। फिलहाल गर्मी से राहत के आसार नहीं है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो वाराणसी में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
वाराणसी में दिन के साथ ही रातें भी गर्म हो रही हैं। दिन में जहां तापमान 42 डिग्री से ऊपर रह रहा, वहीं रात में भी पारा 33-34 डिग्री के करीब रिकॉर्ड किया जा रहा है। इससे लोगों को न दिन के साथ ही रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। दिन में सड़कों पर इक्का-दुक्का लोग ही आवागमन करते दिख रहे हैं। वहीं हमेशा गुलजार रहने वाले घाट भी सूने हो जा रहे हैं। लोग धूप और गर्मी से बचने के लिए घरों से निकलने से परहेज कर रहे हैं। भीषण गर्मी में बिजली की ट्रिपिंग कोढ़ में खाज का काम कर रही है।
मौसम विज्ञान विभाग की ओर से 20 और 21 मई को वाराणसी और आसपास के इलाकों में लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गर्म पछुआ हवाएं चलने के आसार हैं। वहीं 22 से 24 मई तक लू का यलो अलर्ट रहने का अनुमान है। हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।