Varanasi Weather : तेज धूप के चलते वाराणसी में भीषण गर्मी, 43 डिग्री के ऊपर पहुंचा पारा, आंधी-बारिश के आसार 

तेज धूप के चलते गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं। तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। तीखी धूप के चलते लोग घर से बाहर निकलने में परहेज कर रहे हैं। लू चलने की आशंका बनी है। मौसम विभाग ने आंधी के साथ बारिश के आसार जताए हैं।  
 

वाराणसी। तेज धूप के चलते गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं। तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। तीखी धूप के चलते लोग घर से बाहर निकलने में परहेज कर रहे हैं। लू चलने की आशंका बनी है। मौसम विभाग ने आंधी के साथ बारिश के आसार जताए हैं।  

सोमवार को दिनभर चलने वाली गर्म हवाओं और तीखी धूप ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया। दोपहर के समय सड़कें अपेक्षाकृत सूनी दिखाई दीं और लोग गर्मी से बचने के लिए छांव तथा ठंडे स्थानों का सहारा लेते नजर आए। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार वाराणसी प्रदेश के 43 अन्य गर्म स्थानों से भी अधिक गर्म रहा।

सोमवार को न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि दिनभर हवा की गति 22 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंची। इसके बावजूद लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। वातावरण में आर्द्रता का स्तर 32 से 57 प्रतिशत के बीच रहने से उमस भी बनी रही, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून पूर्व की गर्मी अभी कुछ दिनों तक जारी रह सकती है। सामान्य तौर पर काशी में मानसून 15 जून के आसपास पहुंचता है, लेकिन उससे पहले गर्मी का प्रकोप बना रहने की संभावना है।

हालांकि अगले पांच दिनों में मौसम में बदलाव के संकेत भी मिले हैं। मौसम विभाग ने तेज हवा, गरज-चमक, बादल और हल्की बारिश की संभावना जताई है। 9 से 10 जून तथा 12 जून को तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है, जबकि 13 जून को भी बादल और बूंदाबांदी के आसार हैं। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी में बन रहे मौसमीय तंत्र के कारण पूर्वी हवाएं सक्रिय होने की संभावना है, जिससे आगामी दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।