Varanasi Weather: तीखी धूप और उमस ने किया बेहाल, वाराणसी में पारा 41 के पार, जानिये कब मिलेगी गर्मी से राहत
वाराणसी। काशी में गर्मी का प्रकोप लगातार जारी है। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। वहीं न्यूनतम तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो फिलहाल कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रहेगा। ऐसे में गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है।
मौसम विभाग के अनुसार तापमान में बढ़ोतरी के साथ उमस का स्तर भी बढ़ा है, जिससे दिनभर लोगों को राहत नहीं मिल सकी। दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम रही और लोग तेज धूप से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर दिखे।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज लगभग इसी तरह बना रह सकता है। गर्म हवाओं और उमस के कारण लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों ने पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, धूप में निकलते समय सिर को ढंकने और अनावश्यक रूप से दोपहर में बाहर जाने से बचने की सलाह दी है।