Varanasi Weather: वाराणसी में उमस भरी गर्मी से मिलेगी राहत, फिर सक्रिय होगा मानसून, अच्छी बारिश के आसार
वाराणसी। बीते कई दिनों से उमस भरी गर्मी और तेज धूप से परेशान काशीवासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार जल्द ही मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और अगले दो से तीन दिनों के भीतर मानसून के फिर से सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से वाराणसी सहित आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वानुमान के विपरीत पिछले कुछ दिनों में बारिश नहीं होने के कारण उमस और गर्मी में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक 35.6 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
विभाग ने अगले दो से तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए अच्छी वर्षा की संभावना जताई है। हालांकि अब तक जिले में सामान्य से 53 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मानसून सीजन में अब तक 238.4 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी, जबकि केवल 111.6 मिमी बारिश ही रिकॉर्ड की गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के सक्रिय होने के बाद बारिश का सिलसिला तेज हो सकता है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।